Chhattisgarh News: गरियाबंद जिले के पांडुका थाना क्षेत्र स्थित कुकदा डैम में दर्दनाक हादसा हो गया। रायपुर के शंकर नगर निवासी 22 वर्षीय सिंपी सक्सेना और 23 वर्षीय पीयूष मंडल की डैम में डूबने से मौत हो गई। दोनों अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंचे थे।
नहाते समय गहरे पानी में चले गए
पुलिस के मुताबिक, रायपुर से चार दोस्त कार में सवार होकर कुकदा डैम घूमने पहुंचे थे। समूह में एक युवती और तीन युवक शामिल थे। शाम करीब पांच बजे सभी डैम में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान सिंपी और पीयूष गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
पुलिस ने शव बाहर निकाले
घटना की सूचना मिलते ही पाण्डुका पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों के शवों को डैम से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
एसडीओपी ने की घटना की पुष्टि
एसडीओपी निशा सिन्हा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से हादसा होना सामने आया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
Chhattisgarh News:सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुकदा डैम में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। हर साल बड़ी संख्या में लोग यहां पिकनिक मनाने पहुंचते हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने से हादसे लगातार सामने आते रहते हैं। लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।




