दुर्ग जिले के जेवरा सिरसा चौकी क्षेत्र स्थित कोसी एयरो क्लब रिसोर्ट में 30 मई को प्रस्तावित फेक मैरिज पार्टी को लेकर रविवार देर रात विवाद की स्थिति बन गई। आयोजन की जानकारी सामने आने के बाद आसपास के गांवों के लोग नाराज होकर रिसोर्ट पहुंचे और विरोध प्रदर्शन करने लगे।
ग्रामीणों ने जताई कड़ी आपत्ति
ग्रामीणों का कहना था कि इस तरह के आयोजनों से हिंदू विवाह संस्कार का मजाक बनता है और उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने इस आयोजन को तत्काल रोकने की मांग की और इसे सामाजिक परंपराओं के खिलाफ बताया।
मौके पर पहुंची पुलिस, तनाव बढ़ा
सूचना मिलने पर जेवरा सिरसा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। इस दौरान ग्रामीणों और रिसोर्ट प्रबंधन के बीच तीखी बहस भी हुई, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया और स्थिति बिगड़ने की आशंका बढ़ गई।
पुलिस ने की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने रिसोर्ट के मैनेजर ब्रह्म दत्त पांडे के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। उनके विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया।
30 मई को होना था आयोजन
धमधा रोड स्थित कोसी रिसोर्ट में 30 मई की रात फेक मैरिज पार्टी आयोजित की जानी थी। इसमें कपल एंट्री रखी गई थी और प्रवेश शुल्क 499 रुपये तय किया गया था। आयोजन में प्रतिभागियों के लिए दूल्हा-दुल्हन जैसे ड्रेस कोड और डीजे नाइट जैसी व्यवस्थाएं भी की गई थीं।
आयोजन स्थगित, प्रशासन ने दी चेतावनी
विवाद बढ़ने के बाद रिसोर्ट प्रबंधन ने मौसम और गर्मी का हवाला देते हुए कार्यक्रम को फिलहाल स्थगित करने की घोषणा कर दी। वहीं, प्रशासन ने साफ कहा है कि यदि किसी आयोजन से सामाजिक या धार्मिक विवाद की स्थिति बनती है, तो कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।




