Khairagarh news: खैरागढ़ के BEO कार्यालय में कथित शराब पार्टी और वायरल वीडियो के मामले में आखिरकार शिक्षा विभाग ने कार्रवाई कर दी है। कई दिनों तक मामले पर पर्दा डालने और चुप्पी साधे रखने के बाद सोशल मीडिया पर बढ़ते दबाव और लगातार उठ रहे सवालों ने विभाग को कदम उठाने पर मजबूर कर दिया। जिला शिक्षा विभाग ने इस मामले में दो कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जिला शिक्षा अधिकारी खैरागढ़ द्वारा जारी आदेश के मुताबिक, BEO कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार तथा शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा को सस्पेंड किया गया है।
विभागीय आदेश में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों में वायरल हुए वीडियो में शासकीय कार्यालय परिसर के भीतर शराब सेवन और अनुशासनहीन व्यवहार सामने आया था। प्रारंभिक जांच में मामला छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उल्लंघन का पाया गया, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई।
हालांकि पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात को लेकर हो रही है कि वीडियो वायरल होने के बावजूद लंबे समय तक जिम्मेदार अधिकारियों ने मामले पर कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया नहीं दी। पहले मामले को शांत करने की कोशिशें होती रहीं, लेकिन जब वीडियो लगातार सोशल मीडिया पर फैलता रहा और स्थानीय मीडिया ने सवाल उठाने शुरू किए, तब विभाग हरकत में आया।
अब लोगों के बीच यह सवाल भी उठ रहा है कि यदि मामला सार्वजनिक नहीं होता, तो क्या कार्रवाई होती भी या नहीं। क्योंकि जिस कार्यालय से जिले की शिक्षा व्यवस्था संचालित होती है, वहीं अनुशासन और कार्यालयीन मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय BEO कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है। फिलहाल इस कार्रवाई के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और मामला जिलेभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।




