Sushasan Tihar2026 जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र में शराब दुकान को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। सुशासन तिहार के दौरान पहुंची शिकायतों ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। आमतौर पर सड़क, बिजली और पानी से जुड़ी शिकायतें सामने आने वाले मंच पर इस बार शराब दुकान से जुड़े आरोप चर्चा का विषय बन गए।
घटिया शराब और मनमानी कीमतों का आरोप
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बगीचा की शराब दुकान में ग्राहकों को घटिया गुणवत्ता की शराब दी जा रही है। साथ ही ठंडी बियर के नाम पर मनमानी कीमत वसूली जा रही है। लोगों का कहना है कि रेट कुछ और बताया जाता है, जबकि वसूली अलग दरों पर की जाती है।
“चेहरा देखकर” व्यवहार का आरोप
ग्राहकों ने यह भी आरोप लगाया है कि दुकान में भेदभाव किया जाता है। किसी को अच्छी क्वालिटी की बोतल दी जाती है, जबकि कुछ ग्राहकों को गर्म या खराब माल थमा दिया जाता है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि परिचित ग्राहकों को विशेष सुविधा दी जाती है।
प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
सुशासन तिहार में पहुंचे लोगों ने प्रशासन से मांग की कि जब कीमत पूरी ली जा रही है, तो गुणवत्ता और सुविधा भी वैसी ही मिलनी चाहिए। मामले को गंभीर मानते हुए अधिकारियों ने जांच के आदेश दिए हैं और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई का भरोसा दिया है। फिलहाल यह मामला बगीचा क्षेत्र में चर्चा का प्रमुख विषय बना हुआ है।




