Raipur Crime News : राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान खमतराई, टिकरापारा और विधानसभा थाना क्षेत्र में तीन अलग-अलग वारदातें सामने आईं। इनमें सबसे गंभीर मामला विधानसभा थाना क्षेत्र के आमासिवनी बस्ती का है, जहां पैसों के विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राकेश गुप्ता उर्फ पानी, देवदास उर्फ हड्डी बंजारे और विनोद उर्फ विक्की हिरवानी के रूप में हुई है। घटना पीएम आवास आमासिवनी इलाके की बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात जोनल गश्त के दौरान करीब 1:30 बजे सूचना मिली कि एक युवक खून से लथपथ हालत में सड़क किनारे पड़ा है। मौके पर पहुंची टीम ने युवक की पहचान सुकृत खांडे (35) के रूप में की। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच में पता चला कि पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने सुकृत खांडे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
Raipur Crime News :
इधर, टिकरापारा और खमतराई थाना क्षेत्र में भी चाकूबाजी की अलग-अलग घटनाएं हुई हैं। टिकरापारा में घायल युवक की पहचान बलराम शर्मा के रूप में हुई है, जबकि खमतराई में दोनों पक्षों की शिकायत पर काउंटर एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में अनिकेत, जीवन, पीयूष और आयुष के नाम सामने आए हैं।

डीएसपी ग्रामीण Virendra Chaturvedi ने बताया कि आमासिवनी मामले में आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।




