Advertisement Carousel

जिस बॉयफ्रेंड के लिए चुराए गहने.. वह ज्वेलरी ले हुआ फुर्र सलाखों के पीछे पहुंची प्रेमिका

Ahmedabad News गुजरात :अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने निकोल इलाके की एक ज्वेलरी शॉप से 1.66 करोड़ रुपये से अधिक के सोने के गहने चोरी करने के मामले में महिला कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान Harshida Shetty (38) के रूप में हुई है, जो घटना के समय दुकान में काम करती थी।

पुलिस के मुताबिक, 11 मई को निकोल स्थित ग्रेविटी शॉपिंग मॉल की ‘आभूषण ज्वेलर्स’ दुकान से 1,66,88,437 रुपये के गहने चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके बाद क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू करते हुए कई टीमें गठित कीं। जांच के दौरान करीब 300 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी तक पहुंचा गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 22.54 लाख रुपये के गहने और अन्य चोरी का सामान बरामद किया है। बरामद गहनों में सोने का ब्रेसलेट, मंगलसूत्र, चेन और अंगूठी शामिल हैं। साथ ही एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने अपने साथी Mayur Mali के साथ मिलकर चोरी की साजिश रची थी। वारदात के बाद दोनों गुजरात से भाग निकले और मोटरसाइकिल से अहमदाबाद से उदयपुर पहुंचे। इसके बाद वे जयपुर और दिल्ली की ओर गए। पुलिस के अनुसार, एक होटल में ठहरने के दौरान सह-आरोपी चोरी के गहने लेकर फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।