Advertisement Carousel

मोबाइल लूट कांड में आरोपी गिरफ्तार, BJP नेता धरमलाल कौशिक बने थे शिकार

रायपुर:  राजधानी रायपुर में बीजेपी नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक मॉर्निंग वॉक के दौरान मोबाइल लूट का शिकार हो गए। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पीडब्ल्यूडी ब्रिज के पास की है, जहां बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और क्राइम ब्रांच व विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों को आरोपी की तलाश में लगाया गया। पुलिस ने घटना स्थल और संभावित मार्गों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। साथ ही तकनीकी विश्लेषण और ह्यूमन इंटेलिजेंस की मदद से आरोपी की लगातार तलाश की गई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई का परिणाम यह रहा कि घटना के महज 8 घंटे के भीतर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मणिकांत ध्रुव (19 वर्ष) पिता राजेंद्र ध्रुव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बलौदाबाजार-भाटापारा जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र स्थित राजीव नगर में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी शंकर नगर इलाके में किसी सिंघानिया बिल्डर के यहां चौकीदारी का काम करता है।

इस घटना के बाद सियासत भी गरमा गई हुई है। कांग्रेस ने रायपुर के कमिश्नरेट सिस्टम पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाई अलर्ट के बावजूद शहर में अपराध हो रहे हैं। उनका आरोप है कि कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बाद अपराधों में बढ़ोतरी हुई है और पुलिस सिर्फ चालान काटने तक सीमित रह गई है।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने कहा है कि शहर में होने वाले हर अपराध को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की शीघ्र पहचान, गिरफ्तारी और चोरी या छीने गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार सख्त और त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।