IPL 2026: रायपुर में आज क्रिकेट का बड़ा रोमांच देखने को मिलेगा। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में आज शाम 7:30 बजे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। खबर है कि शाहरुख खान भी अपनी टीम KKR को सपोर्ट करने स्टेडियम पहुंच सकते हैं। हालांकि मौसम विभाग ने शाम के समय बारिश की संभावना जताई है, जिससे मैच पर असर पड़ सकता है।
मैच को लेकर ट्रैफिक व्यवस्था भी बदली गई है। दर्शकों के लिए पुलिस ने विशेष रूट चार्ट और पार्किंग प्लान जारी किया है। शहर से स्टेडियम जाने वाले लोगों को तेलीबांधा थाना तिराहा, नेशनल हाईवे-53, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नया रायपुर मार्ग से होकर स्टेडियम पहुंचना होगा। वाहनों की पार्किंग स्टेडियम के पूर्व दिशा स्थित परसदा और कोसा पार्किंग में की जाएगी। यदि यहां जगह भर जाती है, तो श्री सत्य साईं अस्पताल और सेंध तालाब पार्किंग का उपयोग किया जाएगा।
इस बार स्टेडियम का पूरा प्रबंधन RCB के जिम्मे है। मैच को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह है, लेकिन व्यवस्थाओं पर सवाल भी उठ रहे हैं। पिछले मुकाबले के दौरान दर्शकों को फ्री वाई-फाई सुविधा नहीं मिली थी, वहीं स्टेडियम परिसर में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना भी सामने आई थी।
खाने-पीने की कीमतों को लेकर भी दर्शकों में नाराजगी है। पिछली बार 20 रुपए की पानी की बोतल 150 रुपए में और 60 रुपए का पिज्जा 300 रुपए में बेचे जाने की शिकायतें सामने आई थीं। सोशल मीडिया पर लोगों ने इस पर नाराजगी जताई, हालांकि प्रबंधन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।




