Advertisement Carousel

फेसबुकिया प्यार का चक्कर : एक साल तक होटलों में ले जाकर दुष्कर्म, शादी से मुकरा तो थाने पहुंची युवती

रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। एक युवक ने फेसबुक के जरिए युवती से दोस्ती की, शादी का झांसा देकर लगभग एक साल तक उसका शारीरिक शोषण किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, कबीरधाम जिले के झांडूटीला गांव का रहने वाला यशवंत लडेल (25) आरोपी है। उसने वर्ष 2023 में फेसबुक पर रायपुर की एक युवती से संपर्क किया और खुद को उसी समाज का बताकर शादी का वादा किया। युवती उसके विश्वास में आ गई और दोनों के बीच मुलाकातें शुरू हो गईं।

जांच में पता चला कि 24 मई 2024 को यशवंत युवती को घुमाने के बहाने रावांभाटा स्थित बंजारी मंदिर ले गया जिसके बाद पहली बार उसके साथ बिना सहमति के शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह युवती को बेमेतरा और पंडरी के विभिन्न होटलों में लेकर बार-बार दुष्कर्म करता रहा। यह सिलसिला करीब एक साल तक चलता रहा।

16 मार्च को अंतिम बार संबंध बनाने के बाद जब युवती ने शादी के लिए दबाव डाला, तो आरोपी ने इनकार कर दिया और उसे धमकी दे दी। इसके बाद पीड़िता ने खमतराई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने पीड़िता के बयान और प्रारंभिक साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना पर टीम ने कबीरधाम जिले में आरोपी के गांव में दबिश दी और यशवंत लडेल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है।

पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। जांच टीम अब होटलों के रिकॉर्ड, सोशल मीडिया चैट और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है ताकि मामले को अदालत में मजबूती से पेश किया जा सके।