CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है. 17 व 18 मार्च को प्रदेश के कई जिलों में आंधी-तूफान, आकाशीय बिजली और झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है. इससे जहां तेज गर्मी से लोगों को राहत मिली है, वहीं धान खरीदी केंद्रों में खुले में रखा हजारों क्विंटल अनाज भीगने से बड़े नुकसान की आशंका बढ़ गई है. मौसम विभाग ने अगले 2-3 दिनों तक प्रदेश में ऐसे ही हालात बने रहने और कई जिलों में अलर्ट जारी किया है.
पेंड्रा-गौरेला में झमाझम बारिश, गर्मी से राहत
छत्तीसगढ़ के पेंड्रा समेत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में बुधवार सुबह से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदला नजर आया. आसमान में घने बादल छा गए और अचानक झमाझम बारिश शुरू हो गई. बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और तेज गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली. किसानों के चेहरे भी खिल उठे हैं, क्योंकि यह बारिश फसलों के लिए फायदेमंद मानी जा रही है.
धान खरीदी केंद्रों की खुली पोल, हजारों क्विंटल अनाज भीगा
CG Weather Update: बारिश ने जहां राहत दी, वहीं प्रशासनिक व्यवस्थाओं की पोल भी खोल दी. जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में खुले आसमान के नीचे रखा हजारों क्विंटल धान बारिश में भीग गया. धान के सुरक्षित भंडारण की जिम्मेदारी आदिम जाति सेवा सहकारी समितियों की होती है, लेकिन कई जगह पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए. रखरखाव के लिए बजट मिलने के बावजूद लापरवाही सामने आई है. अब इस मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग तेज हो गई है.
कोरबा में आंधी-तूफान, बिजली गिरने के साथ तेज बारिश
CG Weather Update: कोरबा जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली. तेज आंधी, आकाशीय बिजली और बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया.मंगलवार शाम से मौसम में बदलाव शुरू हुआ था, लेकिन रात होते-होते तेज तूफान और बारिश ने हालात बिगाड़ दिए. सड़क पर चल रहे लोगों और बाइक सवारों को बीच रास्ते रुकना पड़ा.
कई इलाकों में बिजली गुल, जनजीवन प्रभावित
आंधी-तूफान का असर बिजली व्यवस्था पर भी पड़ा. रविशंकर नगर, एमपी नगर, एसईसीएल बस्ती, रामनगर और मुड़ापार समेत कई इलाकों में कुछ समय के लिए बिजली गुल रही. अचानक बदले मौसम ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में लोगों को परेशानी में डाल दिया.
CG Weather Update: 18 जिलों में येलो अलर्ट, 9 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने पहले ही छत्तीसगढ़ के 18 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था. वहीं 19 मार्च के लिए 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. इन इलाकों में तेज हवाएं (40-50 किमी/घंटा), गरज-चमक, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है.




